हिन्दुस्तान लाइव / संवाददाता
लखनऊ। एनएफसीआई (नेशनल फिनिशिंग एंड कुकरी इंस्टिट्यूट) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित कुकिंग प्रतियोगिता एनसीसी–2026 (नेशनल कलिनरी चैलेंज), सीजन-3 का पहला राउंड बुधवार को लखनऊ कैंपस में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में एनएफसीआई ग्रुप के देशभर से लगभग 1300 छात्र भाग लेने जा रहे हैं, जो उभरते शेफ्स को अपनी पाक कला दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करती है। लखनऊ कैंपस में आयोजित पहले राउंड में 20 विद्यार्थियों ने दूसरे चरण में प्रवेश के लिए उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की थीम “Flavours Redefined with Family Recipe” रखी गई थी, जिसके अंतर्गत प्रतिभागियों ने शुद्ध शाकाहारी भारतीय व्यंजन अपनी पारिवारिक रेसिपी के आधार पर तैयार किए और उन्हें नए अंदाज़ व इनोवेशन के साथ प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में तैयार व्यंजनों का मूल्यांकन शेफ रोहित, एग्ज़िक्यूटिव शेफ, द क्लार्क्स अवध होटल, लखनऊ तथा शेफ अरुण शुक्ला, एग्ज़िक्यूटिव शेफ, द सेंटरम होटल, लखनऊ ने जज के रूप में किया। जजों ने छात्रों की क्रिएटिविटी, स्वाद, प्रस्तुति और इनोवेशन की सराहना की। इस अवसर पर एनएफसीआई की प्रबंध निदेशक श्रीमती एकता श्रीवास्तव, सेंटर मैनेजर श्री नवज्योति सहित लखनऊ कैंपस की पूरी टीम मौजूद रही। सेंटर मैनेजर श्री नवज्योति ने कहा कि एनसीसी जैसी प्रतियोगिताएं छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें प्रोफेशनल इंडस्ट्री के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं।प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 30 जनवरी 2026 को पुष्पा गुजराल साइंस सिटी, कपूरथला (पंजाब) में आयोजित किया जाएगा, जहां देशभर से चयनित 69 प्रतिभागी अपनी पाक कला का अंतिम प्रदर्शन करेंगे।