लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह में शिया पीजी कॉलेज के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इनमें विधि (लॉ) विभाग को 12 तथा राजनीति विज्ञान विभाग को 6 गोल्ड मेडल प्राप्त हुए। कॉलेज की इस उपलब्धि से शिक्षकों और छात्रों में उत्साह का माहौल है। एलएलबी छठे सेमेस्टर के छात्र शिखर भारती ने सर्वाधिक 9 गोल्ड मेडल, लेट इंद्र देव सिंह ट्रॉफी, गोल्ड मेडल एवं कैश प्राइज तथा ₹1 लाख का नकद पुरस्कार हासिल कर विशेष पहचान बनाई।

वहीं साक्षी पाण्डेय को श्री महेंद्र सिंह मेमोरियल गोल्ड मेडल तथा एस. के. कोहली एडवोकेट मेमोरियल गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। एलएलएम की छात्रा जान्हवी तिवारी को पंडित जगमोहन नाथ चक मेमोरियल गोल्ड मेडल प्रदान किया गया, जो उन्हें संवैधानिक विधि (Constitutional Law) में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर मिला।
शिखर भारती को मिले ये सम्मान
बाबू महावीर प्रसाद श्रीवास्तव मेमोरियल गोल्ड मेडल
श्री द्वारका प्रसाद निगम गोल्ड मेडल
राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल
पं. देवी सहाय मिश्र गोल्ड मेडल
डॉ. राज कृष्ण मेमोरियल गोल्ड मेडल
डी.पी. बोरा मेमोरियल गोल्ड मेडल
बी.के. धाओं मेमोरियल गोल्ड मेडल
श्रीमती कौशल्या देवी निगम गोल्ड मेडल (लैंड लॉ में सर्वाधिक अंक)
लेट इंद्र देव सिंह ट्रॉफी, गोल्ड मेडल एवं कैश प्राइज (प्रथम प्रयास में सर्वाधिक अंक)।
शिखर भारती ने एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में 3600 में से 3065 अंक (85.14 प्रतिशत) तथा लैंड लॉ विषय में 200 में 185 अंक (92.5 प्रतिशत) प्राप्त कर कई प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि ने दीक्षांत समारोह में शिया पीजी कॉलेज का गौरव बढ़ाया।