लखनऊ– जनसमस्याओं को सुनने एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए शंकर पुरवा द्वितीय के भाजपा पार्षद प्रतिनिधि दीपक तिवारी ने आदिलनगर क्षेत्र की तंग गलियों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने भुइयां देवी कॉलोनी, आदिलनगर और गन्ने का पुरवा का निरीक्षण कर सड़क निर्माण, समय पर कूड़ा गाड़ी पहुंचने, सीवर सफाई तथा स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी शकील, अब्दुल, मनोज और प्रदीप वर्मा ने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। दीपक तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए खाली पड़ी जगहों को चिन्हित कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जल्द ही क्षेत्र की गलियों में पौधारोपण कराया जाएगा, जिससे वसुंधरा विहार- आदिलनगर क्षेत्र हरा-भरा और स्वच्छ दिखाई देगा।इस अवसर पर भाजपा मीडिया प्रभारी नमन शुक्ला, विनय गिरी, संतोष वर्मा तथा प्रदीप वर्मा सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।