लखनऊ। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एनसीसी नेवल विंग की ओर से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कैडेट्स ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान से जुड़े विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लीगल एड क्लीनिक के निदेशक एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वहीद आलम ने कैडेट्स के पोस्टरों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता के आयोजन में एनसीसी नेवल विंग की अधिकारी सब लेफ्टिनेंट डॉ. एस. नुजहत हुसैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। इस दौरान कैडेट्स ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का संकल्प लिया।