लखनऊ। दिल्ली पब्लिक स्कूल जानकीपुरम में शनिवार 6 दिसंबर को वार्षिकोत्सव ‘टैलेंट अनलिमिटेड 14.0 – आरोहण’ हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और पौधों को जल अर्पित कर किया गया। प्रधानाचार्या सुश्री नीरू भास्कर ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया। भारत की आज़ादी के अमृत महोत्सव के उत्साह को प्रतिबिंबित करते हुए छात्रों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। ‘सर्वधर्म स्वागत नृत्य’, ‘ईकोज ऑफ नेचर’, ‘वूमेन इम्पावरमेंट’, ‘हार्मनी ऑफ हीयूज’, स्कूल बैंड, ‘राइजिंग इंडिया’, ‘अली बाबा चालीस चोर’, ‘नई तालीम’, ‘मर्चेंट ऑफ वेनिस’ जैसे कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश के पूर्व–पश्चिम–उत्तर–दक्षिण की सांस्कृतिक विविधता, महापुरुषों के योगदान और भारतीय विशेषताओं को समेटे प्रस्तुतियों ने सभागार में तालियों की गूंज भर दी।

मुख्य अतिथि नवीन अरोरा ने छात्रों की रचनात्मकता और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि भारत की एकता, विविधता और अखंडता को बनाए रखने की जिम्मेदारी युवाओं पर है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में अत्यंत सहायक होते हैं। प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों का धन्यवाद देते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन ‘हाई इन द स्काई – आरोहण’ ग्रैंड फिनाले और राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय की अकादमिक कोऑर्डिनेटर, जूनियर मिस्ट्रेस और सभी छात्रों ने भाग लिया।