शिया पीजी कॉलेज के 60 लीगल एड क्लीनिक वॉलिंटियर्स का शैक्षिक भ्रमण, सूचना आयुक्तों और अधिकारियों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
मो० कामरान खान
लखनऊ। विधिक सहायता केंद्र, विधि संकाय, शिया पीजी कॉलेज के 60 वॉलिंटियर्स ने मंगलवार को राज्य सूचना आयोग, गोमती नगर, लखनऊ का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आयोग के विभिन्न कोर्ट रूम में चल रही कार्यवाही को करीब से देखा और सूचना के अधिकार अधिनियम से जुड़ी न्यायिक प्रक्रियाओं को समझा।

वॉलिंटियर्स को 15-15 के समूह में कोर्ट नंबर 1, 5, 7 और 8 में ले जाया गया, जहां उन्होंने चल रही कार्यवाही देखी। कुछ मामलों की फाइलें भी विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए उपलब्ध कराई गईं। संबंधित पीठासीन सूचना आयुक्तों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए आरटीआई एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।
इसके बाद राज्य सूचना आयोग के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। रजिस्ट्रार संदीप गुप्ता और डिप्टी रजिस्ट्रार रुचि श्रीवास्तव (PCS-J) ने विद्यार्थियों को आरटीआई से जुड़े मामलों, अपीलों, न्यायालय की श्रेणियों और कार्यवाही शुरू होने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों के सवालों के भी जवाब दिए गए।

इस अवसर पर छात्रा सादिया फरहीन और छात्र वैभव त्रिपाठी ने आरटीआई अधिनियम से संबंधित कोर्ट की कार्यवाही के दौरान सीखी गई बातों को साझा किया। डॉ. धर्मेंद्र कुमार, उपनिदेशक ने लीगल एड क्लीनिक की स्थापना के संवैधानिक परिप्रेक्ष्य पर चर्चा की। डॉ. उग्रसेन वर्मा ने लीगल सर्विस अथॉरिटी एक्ट, 1987 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।

डॉ. अजयवीर ने सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत दायर होने वाले मामलों और अपीलों की जानकारी दी। वहीं डॉ. वहीद आलम, निदेशक, लीगल एड क्लीनिक ने सूचना के अधिकार की संवैधानिक पृष्ठभूमि एवं न्यायिक दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में राज्य सूचना आयोग के अधिकारियों द्वारा सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। डॉ. कसीम हैदर नक़वी, उपनिदेशक, लीगल एड क्लीनिक ने राज्य सूचना आयोग के सभी सूचना आयुक्तों एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया। भ्रमण में डॉ. प्रिया सिंह, सदस्य, लीगल एड क्लीनिक सहित 60 वॉलिंटियर्स शामिल रहे।