खेल-खेल में शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास का होगा प्रयास
लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार स्थित अभिषेक पुरम में रविवार को लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का भव्य उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक Dr. Neeraj Bora ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनके व्यक्तित्व निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला होती है और ऐसे विद्यालय समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अच्छे संस्कार समाज की प्रगति का आधार हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त केंद्र बनेगा। विद्यालय की डायरेक्टर ऋतु अधिकारी ने बताया कि लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, आनंदमय और आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है।

यहां बच्चों की बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं रचनात्मक क्षमताओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. टी.आर. यादव ने कहा कि आज की शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सतीश वर्मा, डॉ. इंदु सुभाष, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. अंकिता सिंह, दीप्ति रावत, अंकिता अवस्थी, शास्त्री प्रमोद यादव एवं अविनाश सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।