लखनऊ, संवाददाता। लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित कार्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने बिजली व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए। साथ ही भीषण गर्मी के बीच निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में जुटे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की खुलकर सराहना भी की।

बैठक में मुख्य अभियंता (गोमतीनगर), अधिशासी अभियंता (11 केवी एवं एलटी, इंदिरा नगर) और एसडीओ सहित पूरी टीम के कार्यों की समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि तेज गर्मी और रिकॉर्ड तापमान के बावजूद फील्ड में उतरकर काम कर रहे लाइनमैन और इंजीनियर वास्तविक रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच जाता है, तब भी कर्मचारी खंभों पर चढ़कर फॉल्ट सुधारने और आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहते हैं, जो सराहनीय और अनुकरणीय है।
विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शटडाउन, फॉल्ट और मरम्मत कार्यों की जानकारी जनता तक समय पर पहुंचनी चाहिए ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि अब उपभोक्ताओं के साथ सीधा और पारदर्शी संवाद मजबूत किया जाएगा। किसी भी तकनीकी समस्या या मरम्मत कार्य की जानकारी डिजिटल माध्यमों के साथ स्थानीय स्तर पर भी साझा की जाएगी।
इसके साथ ही 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सब-स्टेशन और फील्ड टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
विधायक ने कहा कि विभाग की कार्यशैली में सुधार और जनता के प्रति जवाबदेही बढ़ाना प्राथमिकता है, जिससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।