लखनऊ–मुमताज पीजी कॉलेज में शनिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के तत्वावधान में ‘युवा मंथन’ के बैनर तले “कैंपस कॉलिंग” जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की रोकथाम, POSH अधिनियम-2013 और महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी नीतियों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नसीम अहमद खान ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सुरक्षित और सम्मानजनक कैंपस वातावरण बनाना सभी की जिम्मेदारी है। आर्ट्स फैकल्टी इंचार्ज प्रो. शाजिया सिद्दीकी खान ने कहा कि शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि ऐसा समाज बनाना है जहां महिलाएं सुरक्षित और सशक्त महसूस करें। ‘पॉश’ कानून की जानकारी होना आज के समय की जरूरत है। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस बॉयज यूनिट के नोडल अधिकारी डॉ. लियाकत अली व डॉ. आमिर हुसैन सिद्दीकी तथा गर्ल्स यूनिट की नोडल अधिकारी डॉ. शीबा सिद्दीकी व डॉ. जीनत वारसी की अहम भूमिका रही। इस दौरान छात्रों को ‘पॉश’ कानून, सहमति और सम्मान जैसे विषयों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। वर्कशॉप के अंतर्गत स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. आमिर हुसैन सिद्दीकी ने छात्रों को लैंगिक संवेदनशीलता का संकल्प दिलाया। अंत में समाजशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लियाकत अली ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।