लखनऊ/ (खीरी), र्केन ग्रोअर्स नेहरू डिग्री कॉलेज (सीजीएन) में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन सोमवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित शिया पीजी कॉलेज, लखनऊ के विधि संकाय के डॉ. वहीद आलम ने शिरकत की।

इस अवसर पर दो वर्ष पूर्ण कर चुके स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। डॉ. वहीद आलम ने स्वयंसेवकों को अपराधिक कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए उनके अधिकारों, कर्तव्यों और कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए कानूनी जानकारी होना बेहद आवश्यक है।

डॉ. वहीद आलम ने सफल शिविर आयोजन के लिए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. पंकज सिंह की सराहना करते हुए उन्हें सरल स्वभाव और डायनेमिक व्यक्तित्व का धनी बताया। साथ ही कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आदर्श और डॉ. अमित को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान डॉ. आलम को अपने पूर्व महाविद्यालय वाईडी कॉलेज में शिक्षक साथियों से मिलने का अवसर भी प्राप्त हुआ, जिसे उन्होंने सुखद अनुभव बताया।