लखनऊ। शिया पीजी कॉलेज, विधि संकाय के विधिक सहायता केंद्र द्वारा बुधवार को दौलतगंज वार्ड स्थित मुगल पैलेस हॉल में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘भारतीय आपराधिक न्याय व्यवस्था: चुनौतियां एवं समाधान’ रहा। इस दौरान क्षेत्र में रैली निकालकर टीम ने घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के सुझाव दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य/इंचार्ज विधि संकाय प्रो. एस. सादिक हुसैन आबिदी ने हरी झंडी दिखाकर की। शिविर में उप निदेशक डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने विधिक सहायता केंद्र की स्थापना, उद्देश्य एवं संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी दी।
विधिक सहायता केंद्र के निदेशक डॉ. वहीद आलम ने भारतीय आपराधिक कानून, विशेषकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने और कोर्ट में आने वाली समस्याओं पर भी प्रकाश डालते हुए समाधान बताए।उप निदेशक डॉ. उग्रसेन ने लोगों से अपील की कि किसी भी विधिक सहायता के लिए केंद्र से संपर्क करें। वहीं डॉ. प्रिया सिंह ने जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लिए निशुल्क न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी।

शिविर में बड़ी संख्या में विधि के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और जागरूकता अभियान को सफल बनाया।