सड़क सुरक्षा जीवन की रक्षा है, नियमों का पालन हर नागरिक का दायित्व : डॉ वहीद आलम

लखनऊ। सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को शिया पीजी कॉलेज में रोड सेफ्टी क्लब, यातायात विभाग एवं एनएसएस/एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सेमिनार के साथ जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संदेश दिया गया। रैली में प्राचार्य प्रो. एस.एस.आर. बाकरी, टीआई महानगर प्रमेश कुमार पाठक, एआरटीओ आलोक कुमार यादव, आरटीओ लखनऊ प्रभात पांडे सहित यातायात विभाग के अधिकारी, हीरो मोटोकॉर्प के सुमित मिश्रा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुधाकर वर्मा, डॉ. वहीद आलम, डॉ. नग़ीना बानो, एनसीसी अधिकारी प्रो. आगा परवेज़ मसीह, डॉ. एस. नुजहत हुसैन तथा एनसीसी कैडेट्स व एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। टीआई महानगर प्रमेश कुमार पाठक ने कहा कि सड़कें हमारे जीवन का अहम हिस्सा हैं, लेकिन लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं जानलेवा साबित हो रही हैं। एक छोटी सी चूक पूरे परिवार और समाज को गहरा नुकसान पहुंचा सकती है। एआरटीओ आलोक कुमार यादव ने हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा के पालन, नशे में वाहन न चलाने और मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे नियमों पर जोर दिया। आरटीओ प्रभात पांडे ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

प्राचार्य प्रो. एस.एस.आर. बाकरी ने यातायात नियमों के कड़ाई से पालन का आह्वान किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वहीद आलम ने कहा कि सड़क सुरक्षा जीवन की रक्षा है और नियमों का पालन कर हम स्वयं व दूसरों को सुरक्षित रख सकते हैं। वहीं, हीरो मोटोकॉर्प के सुमित मिश्रा ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। रैली के अंत में आरटीओ लखनऊ द्वारा सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस/एनसीसी सहायक अजीत सिंह ने किया। स्वागत डॉ. सुधाकर वर्मा ने तथा धन्यवाद ज्ञापन एनसीसी आर्मी विंग के एनओ कैप्टन प्रो. आगा परवेज़ मसीह ने किया। इसके बाद शिया पीजी कॉलेज से डालीगंज पुल तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने दुकानों पर जाकर लोगों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया।