संवाददाता। लखनऊ। विधिक शिक्षा एवं निःशुल्क विधिक सहायता को मजबूत बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए Shia PG College के विधिक सहायता केंद्र एवं Maa Vaishno Devi Educational Law College के मध्य तीन वर्षों के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू पर शिया पीजी कॉलेज की ओर से विधि संकाय के प्राचार्य एवं इंचार्ज प्रो. (डॉ.) एस. सादिक हुसैन आबिदी तथा विधिक सहायता केंद्र के निदेशक डॉ. वहीद आलम ने हस्ताक्षर किए। वहीं दूसरी ओर से मां वैष्णो देवी एजुकेशनल लॉ कॉलेज के प्राचार्य एवं इंचार्ज प्रो. विजय शंकर पांडे तथा विधिक सहायता केंद्र के निदेशक श्री नवनीत कुमार त्रिपाठी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह विधिक सहायता केंद्र, विधि संकाय शिया पीजी कॉलेज द्वारा संपन्न किया गया पांचवां एमओयू है।

इस अवसर पर डॉ. वहीद आलम ने कहा कि भारत में विधिक सहायता केंद्रों का गठन संविधान में निहित “समान न्याय” एवं “निःशुल्क विधिक सहायता” की अवधारणा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 14, 21, 38, 39-ए एवं 41 नागरिकों को न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि विधिक सहायता केंद्रों का विधिक आधार विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 तथा बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों में निहित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एमओयू दोनों संस्थाओं को मिलकर समाज हित में बेहतर कार्य करने का अवसर प्रदान करेगा। मां वैष्णो देवी एजुकेशनल लॉ कॉलेज के विधिक सहायता केंद्र के निदेशक श्री नवनीत कुमार त्रिपाठी ने कहा कि इस समझौते के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी जागरूकता, न्याय तक समान पहुंच एवं विधि छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के कार्य को और गति मिलेगी। उन्होंने एमओयू पर हस्ताक्षर होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) एस. सादिक हुसैन आबिदी, प्रो. विजय शंकर पांडे, प्रो. (डॉ.) एस. एम. हसनैन, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. उग्रसेन वर्मा, प्रिया सिंह सहित विधिक सहायता केंद्र एवं विधि संकाय के कई शिक्षक उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व निदेशक डॉ. मोहसिन रजा, डॉ. अजयवीर, डॉ. एजाज़ हुसैन, डॉ. एस. नुजहत हुसैन, डॉ. पी. के. गर्ग, डॉ. छत्रपाल, डॉ. कमलजीत मणि मिश्रा, डॉ. नूरीन जैदी, डॉ. पुलकित, डॉ. विनय तिवारी, डॉ. प्रीति मिश्रा, अनीस फातिमा एवं डॉ. अर्चना जौहरी भी मौजूद रहे।