लखनऊ। काकोरी क्षेत्र के मदारपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह खेत में करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जिससे उसके साथ मारपीट की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मौके की स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। महिला के शरीर पर मैक्सी थी, जबकि पेटीकोट और दुपट्टा शव के पास ही पड़े मिले। सूचना मिलने पर डीसीपी कमलेश दीक्षित, एडीसीपी धनंजय कुशवाहा व काकोरी, पारा और दुबग्गा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
थाना काकोरी क्षेत्रांतर्गत एक अज्ञात महिला का शव मिलने के संबन्ध में पुलिस उपायुक्त पश्चिमी द्वारा दी गयी बाइट
डीसीपी का कहना है कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। अधिकारियों ने जल्द घटना के खुलासे का दावा किया है।