लखनऊ। एनएफसीआई (नेशनल फिनिशिंग एंड कुकरी इंस्टीट्यूट) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित कुकिंग प्रतियोगिता नेशनल कलिनरी चैलेंज (NCC)–2026, सीजन-3 का ग्रैंड फिनाले राउंड पुष्पा गुजराल साइंस सिटी, कपूरथला (पंजाब) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में एनएफसीआई ग्रुप के देशभर से चयनित 69 प्रतिभागियों ने अपनी पाक कला का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर के उभरते शेफ्स को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करना रहा। ग्रैंड फिनाले में एनएफसीआई लखनऊ के छात्र हिमांशु, शुधांशु और वैभव ने नवाबी रसोई थीम पर आधारित शाकाहारी व्यंजन प्रस्तुत किए। इनमें कुंभ-ए-शान, शाम सवेरे, रोगिनी पराठा और केसरी खास प्रमुख रहे। फाइनल राउंड में तैयार किए गए व्यंजनों का मूल्यांकन सेलिब्रिटी मास्टरशेफ अजय चोपड़ा, सेलिब्रिटी शेफ निशांत चौबे और सेलिब्रिटी शेफ विनोद बडोनी द्वारा किया गया। जजों ने छात्रों की क्रिएटिविटी, स्वाद, प्रस्तुति और इनोवेशन की सराहना की। कड़े मुकाबले के बीच एनएफसीआई लखनऊ की टीम ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरस्कार स्वरूप छात्रों को 21 हजार रुपये की नकद राशि के साथ कई गिफ्ट हैंपर्स प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में डायरेक्टर संजीव कश्यप, डायरेक्टर अंजना जोशी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नवीन दुआ सहित एनएफसीआई हेड ऑफिस की पूरी टीम मौजूद रही। प्रतियोगिता के बाद लखनऊ लौटने पर विजेता छात्रों का संस्थान में भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में प्रबंध निदेशक श्रीमती एकता श्रीवास्तव, सेंटर मैनेजर श्री नवज्योति सहित एनएफसीआई लखनऊ की पूरी टीम उपस्थित रही। इस अवसर पर सेंटर मैनेजर श्री नवज्योति ने कहा कि NCC जैसी प्रतियोगिताएं छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें प्रोफेशनल इंडस्ट्री के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं।