लखनऊ। डालीगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की चारों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में 12 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में एनएसएस स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों के नेतृत्व में लक्ष्य गीत के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नसीम अहमद खान ने ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और तिरंगे का महत्व’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें, क्योंकि विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और उसके प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाई। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लियाकत अली के नेतृत्व में लगाए गए नारों से कॉलेज परिसर और आसपास का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। विद्यार्थियों ने आमजन को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कॉलेज परिवार ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। यात्रा में विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ भागीदारी की। कार्यक्रम की रूपरेखा और संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लियाकत अली, डॉ. आमिर हुसैन सिद्दीकी, डॉ. शीबा सिद्दीकी और डॉ. जीनत वारसी ने किया। कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।