रामपुर कारखाना के स्वामी पट्टी में दशकों पहले लगे जर्जर तार को बदलने की उठाई मांग
देवरिया संवाद।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रितु शाही ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। सीएम को भेजे पत्र में श्रीमती शाही ने दशकों पहले लगे जर्जर तार को बदलने की मांग उठाई है। भेजे पत्र में बताया गया है कि रामपुर कारखाना के सामीपट्टी गांव की विद्युत व्यवस्था अत्यन्त जर्जर एवं दयनीय स्थिति में हैं।

गांव में लगे बिजली के तार कई दशक पुराने हो चुके हैं। अनेक स्थानों पर तार टूटे व क्षतिग्रस्त नीचे लटके हुए हैं। जिससे ग्रामीणों के जीवन एवं संपत्ति पर निरंतर खतरा बना रहता है। जर्जर तारों में लगातार स्पार्किंग होने तथा तार टूटकर सड़क पर गिरने से ग्रामीणों, बच्चों एवं पशुओं के लिए गंभीर दुर्घटना की आशंका होने व फसलों में आग लगने तथा जानमाल का खतरा होने की आशंका बनी रहती है। गांव के खलीकुर्रहमान ने श्रीमती शाही को शिकायती पत्र देकर मामले से अवगत कराया था। श्रीमती शाही का कहना है कि बिजली के तार टूटने व शॉर्ट सर्किट होने के कारण गांवों में कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। जिससे आम जनजीवज प्रभावित होता है। इस संबंध में स्थानीय विद्युत विभाग एवं विद्युत उपकेन्द्र के अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायत दी जा चुकी है। किन्तु आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उपरोक्त समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित करने की मांग की है।