गैस रिफलिंग की सूचना पर पुलिस का ‘खेल’? गांव वालों ने लगाए मिलीभगत के आरोप
लखनऊ। विकासनगर क्षेत्र के सबौली गांव में बुधवार अवैध गैस रिफलिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस कर्मियों पर आरोपी से साठगांठ के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के एक घर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलिंडरों की रिफलिंग की जा रही है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर विकासनगर थाने से
सब्जी मंडी चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही वहां रखे गैस सिलिंडरों को घर के पीछे के रास्ते से हटवा दिया गया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, सब्जी मंडी चौकी प्रभारी जितेंद कुमार सिंह ने इस पूरे मामले से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि उन्हें ऐसी किसी सूचना की जानकारी नहीं है और न ही वह मौके पर पहुंचे थे।