लखनऊ, 5 सितंबर। शिया पी.जी. कॉलेज, लखनऊ में एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स और स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर एनसीसी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम में प्रो. कैप्टन आगा परवेज मसीह, एनसीसी आर्मी विंग, सब लेफ्टिनेंट डॉ. एस. नुजहत हुसैन, एनसीसी नेवल विंग तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वहीद आलम उपस्थित रहे।

प्रो. कैप्टन आगा परवेज मसीह ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में शिक्षकों एवं एनसीसी अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान है।

सब लेफ्टिनेंट डॉ. एस. नुजहत हुसैन ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें बेहतर नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं। वहीं, डॉ. वहीद आलम ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और सामाजिक चेतना के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित की जाती है।इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने शिक्षकों और अधिकारियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में एनसीसी एवं एनएसएस सहायक श्री अजीत सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और उमंग से भरा रहा।