लखनऊ। शिया पीजी कॉलेज के विधि संकाय में गुरुवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और विधि शिक्षा के साथ करियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।

प्रो. सादिक हुसैन आबिदी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि एलएलबी के बाद अधिवक्ता बनने के अलावा न्यायिक सेवा, कॉरपोरेट सेक्टर, बैंकिंग, प्रशासनिक सेवा, विधिक सलाह, शिक्षण और शोध के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विधिक ज्ञान के साथ संचार और व्यावहारिक कौशल विकसित करने की अपील की।

मैनेजर मुर्तजा अब्बास शम्सी ने कॉलेज की शैक्षणिक परंपरा और गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। स्टेट ऑफिसर डॉ. एजाज अब्बास ने कॉलेज की कार्यप्रणाली और सुविधाओं के बारे में बताया। प्रो. एसएम हसनैन ने नियमित अध्ययन और कक्षाओं में सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।

डॉ. वहीद आलम ने लीगल एड क्लीनिक के उद्देश्य और उसकी गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थी कानून की पढ़ाई को समाज की वास्तविक समस्याओं से जोड़ सकेंगे। डॉ. अजयवीर ने अनुशासन और नियमित उपस्थिति को सफलता की आधारशिला बताया। संचालन डॉ. एजाज हुसैन ने किया। अंत में डॉ. एस. मोहसिन रजा ने आभार जताया। कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी मौजूद रहे।