लखनऊ। मड़ियांव क्षेत्र के अजीज नगर में इंस्टाग्राम के लिए रील बनाते समय फंदे से लटकने वाले मो जाकिर (19) की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बलरामपुर जिले के सादुल्लाह नगर निवासी रफीक परिवार के साथ अजीज नगर, मोहिबुल्लापुर में रहते हैं और कबाड़ का काम करते हैं। उनका 19 वर्षीय बेटा मो जाकिर भी कबाड़ मंडी में काम करता था और इंस्टाग्राम पर रील बनाता था।रफीक के मुताबिक, पांच अप्रैल को दोपहर जाकिर घर में अपनी मां शहनाज बानो के साथ था। परिवार के अन्य सदस्य काम पर गये थे। जाकिर ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और कुर्सी पर चढ़कर चादर को पंखे से बांधकर फांसी लगाने की रील बनाने लगा। इसी दौरान अचानक कुर्सी का संतुलन बिगड़ गया और उसकी गर्दन फंदे में फंस गई, जिससे वह लटक गया। कमरे से आवाज आने पर मां शहनाज बानो दरवाजे तक पहुंचीं, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों की मदद से वह दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची। वहां जाकिर फंदे से लटका हुआ था। आनन फानन में परिजन उसे फंदे से उतारकर बलरामपुर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।परिजनों के मुताबिक जाकिर ‘जाकिर सिड’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट चलाता था, जिस पर उसके 1700 से अधिक फॉलोअर्स थे।