लखनऊ, 24 सितंबर। शिया पीजी कॉलेज में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस के अवसर पर विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकगण, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधि संकाय के प्राचार्य/इंचार्ज प्रो. एस. सादिक हुसैन आबिदी ने तिलावत-ए-कुरान से किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुधाकर वर्मा ने स्वागत संबोधन दिया। इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वहीद आलम ने मंचासीन अतिथियों एवं गणमान्य सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर और एनएसएस बैज लगाकर सम्मानित किया।

डॉ. वहीद आलम ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि सेवा योजना विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कॉलेज मैनेजर अब्बास मुर्तजा शम्सी ने एनएसएस को युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को समाजोपयोगी कार्यों से जोड़ने वाला मंच बताया। वहीं कॉलेज प्राचार्य प्रो. एस. एस. आर. बाक़री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस दिवस पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. नगीना बानो, डॉ. मीसम मुबारक, प्रो. सरवत तकी, डॉ. अनिल सोनी, डॉ. नूरीन जैदी, डॉ. आलोक यादव, डॉ. मो. अली सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे। संचालन श्री अजीत सिंह ने किया। अंत में डॉ. सुधाकर वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।